Dhanbad News: छात्र हित में विधायक निधि से कतरास कॉलेज परिसर में कैंटीन निर्माण की अनुशंसा

बाघमारा विधायक शत्रुधन महतो ने कतरास कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए अपने विधायक निधि से कैंटीन निर्माण की अनुशंसा की है। बीबीएमकेयू विधायक प्रतिनिधि चितरंजन कुमार सिंह द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक ने यह छात्र हितैषी निर्णय लिया है।

बाघमारा: विधानसभा क्षेत्र के विधायक शत्रुधन महतो ने छात्र-छात्राओं के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने विधायक निधि से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय विधायक प्रतिनिधि एवं छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सकारात्मक पहल करते हुए कतरास कॉलेज परिसर में कैंटीन निर्माण हेतु अनुशंसा प्रदान कर दी है।

ज्ञात हो कि दिनांक 23 जून 2026 को प्रस्तुत मांग पत्र में महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन निर्माण की मांग की गई थी। महाविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न अवसरों पर आने वाले आगंतुकों के लिए कैंटीन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए विधायक शत्रुधन महतो ने छात्र हित को सर्वोपरि मानते हुए अपने विधायक निधि से कैंटीन निर्माण की अनुशंसा कर दी है। इस निर्णय से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक  शत्रुधन महतो के इस छात्र हितैषी एवं विकासोन्मुख निर्णय का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर बीबीएमकेयू विधायक प्रतिनिधि एवं छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह ने कहा कि कैंटीन निर्माण होने से विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में ही आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध हो सकेगी तथा महाविद्यालय में अध्ययन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण का निर्माण होगा।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More