Dhanbad News: पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि के व्यय हेतु मार्गदर्शिका जारी करने की मांग, राज्यपाल से मिला पंचायत प्रतिनिधिमंडल

झारखंड में पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा पर पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राशि आवंटित कर दी गई है, लेकिन व्यय और योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

बाघमारा (धनबाद): पंचम राज्य वित्त आयोग मद से पंचायतों को आवंटित राशि के व्यय एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शिका शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ, झारखंड का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष विकास कुमार महतो ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसाओं के आधार पर पंचायतों को राशि आवंटित कर दी गई है, लेकिन अब तक व्यय और योजनाओं के संचालन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मार्गदर्शिका के अभाव में पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के चयन, स्वीकृति और खर्च संबंधी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है और कई महत्वपूर्ण योजनाएं लंबित पड़ी हैं।

राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में पंचायत प्रतिनिधियों ने आग्रह किया कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर जल्द से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कराया जाए, ताकि पंचायतों को मिली राशि का उपयोग नियमानुसार विकास कार्यों में किया जा सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से पत्राचार कर आवश्यक मार्गदर्शिका जल्द उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि दिशा-निर्देश जारी होने के बाद पंचायतों में रुकी हुई विकास योजनाओं को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता भी सुनिश्चित होगी।

राज्यपाल से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला परिषद सदस्य मनोज वाजपेयी, मुखिया कुशेन्द्र पहान, गिरिडीह के अनिल कुमार रजक तथा पिंटू कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More