Dhanbad News: महुदा इंटर कॉलेज में फिर भड़का विवाद: वित्तीय अनियमितता के खिलाफ 18 मई से अनिश्चितकालीन धरना

धनबाद जिले के बाघमारा अंतर्गत महुदा इंटर कॉलेज का विवाद एक बार फिर गहरा गया है। कॉलेज की निगरानी समिति ने प्रबंधन पर वित्तीय अनियमितता और अवैध नियुक्तियों के आरोप लगाते हुए प्रेस वार्ता की है। पूर्व में मिले आश्वासन पर कार्रवाई न होने से नाराज समिति ने 18 मई से दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एलान किया है।

बाघमारा: महुदा इंटर कॉलेज में चल रहा विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। कॉलेज की निगरानी समिति ने रविवार को प्रेस वार्ता कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए वित्तीय अनियमितता, नियम विरुद्ध नियुक्ति और कर्मचारियों की अवैध बर्खास्तगी जैसे गंभीर आरोप लगाए। समिति ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 18 मई से पुनः अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

समिति सदस्य प्रदीप महतो ने आरोप लगाया कि कॉलेज सचिव दीपनारायण शर्मा के कार्यकाल में संस्थान में व्यापक अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में नौ सूत्री मांगों को लेकर किए गए आमरण अनशन को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त किया गया था, लेकिन लगभग तीन माह बीत जाने के बावजूद किसी भी मांग पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

समिति ने वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच, ईपीएफओ घोटाले की सीबीआई या विजिलेंस जांच, फर्जी ईपीएफओ पंजीकरण रद्द करने, प्रभारी प्राचार्य की नियुक्ति निरस्त करने, कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान तथा सचिव पर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रदीप महतो ने बाघमारा विधायक एवं शासी निकाय अध्यक्ष शत्रुघ्न महतो पर भी सचिव को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वहीं धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष सह समिति सदस्य शारदा सिंह  ने कहा कि जिस कॉलेज की नींव स्थानीय लोगों के श्रमदान और बलिदान से रखी गई थी, वहां अब शिक्षा के बजाय राजनीति और भ्रष्टाचार हावी हो गया है। उन्होंने प्रशासन से कॉलेज को राजनीतिक हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार से बचाने की मांग की।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More