बलियापुर में गहराया जल संकट; प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने डीसी को सौंपा मांग पत्र

धनबाद: बलियापुर प्रखंड में गहराते जल संकट को लेकर प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और मांग पत्र सौंपा। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि शीतल दत्ता, हीरालाल मोदक तथा विजय रजक भी मौजूद रहे।
प्रमुख पिंकी देवी ने अधिकारियों को बताया कि प्रखंड के कई पंचायतों और गांवों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण जल स्रोत सूख रहे हैं और कई जगहों पर नल-जल योजनाएं भी अपेक्षित रूप से कार्य नहीं कर रही हैं।
मुलाकात के दौरान पिंकी देवी ने सुझाव दिया कि वर्तमान परिस्थितियों में तेनुघाट डैम से पानी छोड़ा जाए, जिससे दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ सके और बलियापुर क्षेत्र की जलापूर्ति योजनाओं को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने इसे क्षेत्र की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रमुख ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं, पाइपलाइन की खराबियों और जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की। अधिकारियों ने समस्या को गंभीर बताते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जल संकट के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे। इससे क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है।


