Deoghar News: श्रावणी मेले में पूर्व रेलवे की बेहतर व्यवस्था, 4 दिनों में 3.75 लाख श्रद्धालुओं ने की यात्रा

देवघर: श्रावणी मेला-2026 के दौरान भगवान बाबा बैद्यनाथ की पावन यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूर्व रेलवे द्वारा व्यापक स्तर पर की गई तैयारियों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और विशेष ट्रेनों के सफल संचालन के कारण चार दिनों में 3.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जसीडीह, देवघर, बासुकीनाथ और बैद्यनाथधाम स्टेशनों से यात्रा की।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने लंबी एवं छोटी दूरी की विशेष ट्रेनों का संचालन किया। साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव, अतिरिक्त आरक्षण काउंटर, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा मोबाइल यूटीएस ऐप के माध्यम से टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर विशाल प्रतीक्षालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखे, निःशुल्क पेयजल तथा स्वच्छ जैव शौचालय उपलब्ध कराए गए।
वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र प्रमुख स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चौबीसों घंटे की जा रही है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, यात्रा के चौथे दिन (2 अगस्त) 85,356 श्रद्धालुओं ने यात्रा की। पांचवें दिन (3 अगस्त) यह संख्या 34 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1,14,426 पहुंच गई। छठे दिन (4 अगस्त) 1,00,332 तथा सातवें दिन (5 अगस्त) 75,030 श्रद्धालुओं ने इन चार प्रमुख स्टेशनों से यात्रा की। इस प्रकार चार दिनों में कुल 3.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पूर्व रेलवे की सेवाओं का लाभ उठाया।
श्रद्धालुओं की सर्वाधिक आवाजाही जसीडीह स्टेशन पर दर्ज की गई, जहां प्रतिदिन कुल यात्रियों का लगभग 58 से 61 प्रतिशत पहुंचा। इसके अलावा देवघर, बासुकीनाथ और बैद्यनाथधाम स्टेशनों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सातवें दिन यात्रियों की सुविधा के लिए आसनसोल मंडल ने कुल 38 विशेष ट्रेनों का संचालन किया, जिनमें 16 लंबी दूरी तथा 22 छोटी दूरी की विशेष ट्रेनें शामिल थीं।
इन ट्रेनों के टिकटों की बिक्री से ₹33,09,538 का राजस्व प्राप्त हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत सातवें दिन 503 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया, जबकि 12 यात्रियों को व्हीलचेयर सुविधा प्रदान की गई। इसके अलावा 24 घंटे संचालित “मे आई हेल्प यू” सहायता केंद्रों के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।


