पलामू CSP लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, 2022 की चर्चित वारदात में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुए चर्चित ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) लूटकांड के फरार आरोपी कुंदन पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीननगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल से पकड़ा गया।

पलामू: विश्रामपुर पुलिस ने वर्ष 2022 में हुए चर्चित CSP लूटकांड के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदन पासवान (33) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय नरेश पासवान का पुत्र तथा पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीननगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल से छापेमारी कर गिरफ्तार किया।

क्या था मामला?

25 अप्रैल 2022 को विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पिपरा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट की थी। घटना के बाद विश्रामपुर थाना में कांड संख्या 20/2022 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 392 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पांच आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस जांच के दौरान इस लूटकांड में शामिल पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल भी पुलिस द्वारा पूर्व में बरामद किए जा चुके हैं।

लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार कुंदन पासवान घटना के बाद से लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर उसे उसके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी पर दर्ज हैं नौ आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कुंदन पासवान का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पलामू और गढ़वा जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती तथा आर्म्स एक्ट सहित कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।

गिरफ्तारी अभियान में शामिल टीम

इस कार्रवाई का नेतृत्व विश्रामपुर थाना प्रभारी पु.अ.नि. ऋषिकेश कुमार दुबे ने किया। टीम में पु.अ.नि. शिवनाथ रंजन, पु.अ.नि. शैलभ कुमार, स.अ.नि. बलराम दास तथा विश्रामपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More