Crime News: देवघर खमरबाद में सड़क हादसे में महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर जाम

देवघर: पथरोल थाना क्षेत्र के खमरबाद गांव में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे तथा दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मधुपुर-सारठ एनएच-114ए मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार खमरबाद गांव निवासी मैना देवी (करीब 50 वर्ष) सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को इलाज के लिए देवीपुर स्थित एम्स ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पथरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से ग्रामीणों को उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
बताया जाता है कि मृतका के पति आजाद मांझी का छह माह पूर्व निधन हो चुका है। मैना देवी मजदूरी कर अपने आठ बच्चों का भरण-पोषण कर रही थीं। परिवार में एक दिव्यांग पुत्र, दो अविवाहित बेटियां और अन्य बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


