पत्रकारों के विरोध के आगे झुके कॉलेज सचिव, धरना स्थल पर पहुंचकर मांगी माफी

धनबाद: पत्रकारों के साथ किए गए कथित अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार के मामले में आखिरकार महुदा इंटर कॉलेज के सचिव दीपनारायण शर्मा को पत्रकारों के विरोध के आगे झुकना पड़ा। कार्रवाई की मांग को लेकर आयोजित धरना के दौरान विधायक प्रतिनिधि, प्रेस क्लब के पूर्व पदाधिकारी, पत्रकारों एवं थाना प्रभारी की मौजूदगी में सचिव ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपने व्यवहार पर खेद प्रकट करते हुए लिखित एवं मौखिक रूप से माफी मांगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन दिया। इसके बाद पत्रकारों ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए धरना समाप्त कर दिया।
गौरतलब है कि महुदा इंटर कॉलेज के सचिव दीपनारायण शर्मा द्वारा स्थानीय पत्रकारों के साथ किए गए कथित अभद्र व्यवहार को लेकर कतरास प्रेस क्लब के सचिव समीद खान एवं सदस्य शमशेर खान ने प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत धरना दिया था।
धरना स्थल पर बाघमारा विधायक के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि अजय दास, कतरास प्रेस क्लब के पूर्व महासचिव विनोद रजक, निकेश पांडेय समेत कई पत्रकार पहुंचे। वहीं, महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक की अध्यक्षता में मामले को लेकर वार्ता हुई।
वार्ता के दौरान सचिव दीपनारायण शर्मा धरना स्थल पहुंचे और अपने द्वारा कही गई बातों को लेकर खेद व्यक्त करते हुए लिखित एवं मौखिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होगी।
सचिव के माफी मांगने के बाद धरना पर बैठे पत्रकारों ने आपसी सहमति से आंदोलन समाप्त कर दिया। धरना को कई सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला।
मौके पर पूर्व ब्याडा अध्यक्ष विजय झा, पदुगोड़ा पंचायत के मुखिया महेश पटवारी, बागड़ा पंचायत की मुखिया सावित्री देवी, अधिवक्ता निर्मल रवानी, शमद अंसारी, कॉलेज प्राचार्य सिकंदर रवानी सहित कतरास प्रेस क्लब के पूर्व महासचिव विनोद रजक, निकेश पांडेय, अजय तिवारी, शमशेर खान, रोशन हजारी, नजीम शेख, धर्मेंद्र सिंह, विष्णु नारायण, सुल्तान खान समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।


