Bokaro News: पांच दिवसीय श्री श्री 108 हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ की हुई शुरुआत

कसमार: ग्राम बरेई खुर्द में आयोजित पांच दिवसीय श्री श्री 108 हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ के तहत भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा श्रद्धालुओं के निवास स्थानों से प्रारंभ होकर पूरे गांव में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच सम्पन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने भाग लिया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में जय श्री राम और “जय हनुमान” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा को गांव के लिए गौरव का विषय बताया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में विभिन्न पूजा-अर्चना, यज्ञ और भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


