Bokaro News: बीएकेएस ने एसएमएस-1 विभाग की 21 समस्याएं सीजीएम के समक्ष उठाईं, एक माह में समाधान की मांग

बोकारो: बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने बुधवार को एसएमएस-1 के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के साथ विभागीय समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की।
आधुनिकीकरण के बाद एसएमएस-1 विभाग बोकारो इस्पात संयंत्र के सबसे आधुनिक विभागों में कार्य कर रहा है, जिसका प्रमाण लगातार बन रहे उत्पादन रिकॉर्ड भी हैं। इसके बावजूद विभाग में कार्यरत गैर-कार्यपालक कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं की सूची दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिसके कारण कर्मचारियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसएमएस-1 विभाग की प्रमुख समस्याएं एवं मांगें
- 18 मीटर, 14 मीटर एवं 36 मीटर ऊंचाई वाले कार्य क्षेत्रों में कर्मचारियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था।
- 18 मीटर क्षेत्र में कर्मचारियों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना।
- कास्टर क्षेत्र के बाथरूम जाम होने की समस्या का समाधान।
- कास्टर मैकेनिकल सेक्शन में लंबे समय से रिक्त चार्जमैन के पद को भरना।
- कास्टर क्षेत्र एवं बॉयलर मेंटेनेंस की टॉप रूफ की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त शीटों से वर्षा का पानी टपकने की समस्या का समाधान।
- क्रेन मेंटेनेंस के दौरान एसएमएस-1 में कनीय ग्रेड के कर्मचारियों से शटडाउन लेने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार।
- एसएमएस-1 कन्वर्टर एवं कास्टर क्षेत्र की एप्रोच रोड, प्लांट मेडिकल से एसएमएस-1 जाने वाली सड़क तथा बॉयलर से कास्टर जाने वाले मार्ग की मरम्मत।
- एसएमएस-1 क्षेत्र की ड्रेनेज (जल निकासी) व्यवस्था को दुरुस्त करना।
- एसएमएस-1 क्षेत्र में लटक रही पुरानी एवं जर्जर शीटों से उत्पन्न सुरक्षा खतरे को दूर करना।
- एसएमएस-1 के 18 मीटर क्षेत्र के क्षतिग्रस्त फ्लोर की मरम्मत तथा फ्लाई डस्ट की समस्या का समाधान।
- कास्टर क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था।
- बॉयलर मेंटेनेंस के रेस्ट रूम में वर्षा का पानी भरने की समस्या का समाधान।
- मिक्सर एग्जॉस्ट के कार्य नहीं करने तथा उसे बायपास कर संचालित किए जाने की समस्या का समाधान।
- एसएमएस-1 बीएसएल कैंटीन के मैकेनिकल स्टोर साइड की क्षतिग्रस्त सीलिंग की मरम्मत, ताकि दुर्घटना की आशंका समाप्त हो।
- 8 मीटर क्षेत्र में पड़े अनावश्यक स्क्रैप को हटाना।
- कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए जनरल शिफ्ट ऑपरेशन रूम के चारों ओर उचित शीट बैरिकेडिंग कराना।
- एसएमएस-1 के कर्मचारी श्री लक्ष्मीधर अधिकारी को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के लिए कथित रूप से बाध्य किए जाने के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच।
- यांत्रिक अनुभाग के कनीय कर्मचारियों को शटडाउन देने के लिए बाध्य किए जाने तथा शटडाउन लेने/देने की प्रक्रिया स्पष्ट करना।
- यांत्रिक अनुभाग के कर्मियों को ड्यूटी समाप्त होने के बाद रुकने के लिए विवश किए जाने की समस्या का समाधान।
- बंद किए गए एक्टिंग अलाउंस एवं इंसेंटिव को संशोधित कर पुनः लागू करना।
- कास्टर क्रेन मैकेनिकल में ठेका कंपनी प्रोटेक्टिव इंजीनियरिंग के स्थायी सुपरवाइजर की पदस्थापना।
यूनियन का कहना है कि उपरोक्त सभी मांगें एसएमएस-1 विभाग की कार्यक्षमता और कर्मचारियों के हितों से जुड़ी हैं। बीएकेएस ने प्रबंधन से मांग की है कि इन सभी समस्याओं का समाधान एक माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
बैठक में यूनियन की ओर से अध्यक्ष, महासचिव, उपमहासचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य एवं विभागीय यूनियन सदस्यों ने भाग लिया।
बयान
यूनियन की ओर से कहा गया कि एसएमएस-1 विभाग में व्याप्त स्थानीय समस्याओं की ओर सीजीएम का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। उन्होंने कई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अनुभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। यूनियन ने उम्मीद जताई कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।


