#COVID19 देश में 22 हजार तबलीगी क्वारंटाइन, कोरोना के एक तिहाई मरीज जमात के : केंद्र सरकार

नयी दिल्ली : कोरोना महामारी को लेकर अपने नियमित प्रेस कान्फ्रेंस में आज स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश भर में अबतक कुल 2902 कोरोना पाजिटिव केस सामने आए हैं, इनमें एक तिहाई तबलीगी जमात के हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 17 राज्यों में तबलीगी जमात के 1023 कोरोना मरीज मिले हैं. वहीं, गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि लगभग 22 हजार तबलीगी जमात कार्यकर्ताओं और उनके संपर्काें को बड़े पैमाने पर प्रयास से क्वारंटाइन रखा गया है.


स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कल से अबतक 601 पाॅजिटिव मामले सामने आए हैं, कल 12 लोगों की मौत हुई थी और कुल मौतें 68 हो गयीं. अग्रवाल ने बताया कि स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड में 11,092 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गयी है.


उन्होंने बताया कि अभी तक केरल, महाराष्ट्र व दिल्ली में 58 क्रिटिकल मामले सामने आए हैं. लव अग्रवाल ने बताया कि शून्य से 20 साल तक की उम्र के नौ प्रतिशत कोरोना मरीज हैं, कोरोना मरीजों में 42 प्रतिशत लोग 21 से 40 साल उम्र के हैं, 33 प्रतिशत 41 से 60 साल की उम्र के हैं और 60 साल से अधिक उम्र के 17 प्रतिशत मरीज हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More