जियो हॉटस्टार के पास अधिकार होने से नए नाम से चैट शो लाएंगे करण जौहर, शाहरुख खान और आर्यन पहली बार एक साथ शो में आ सकते हैं नजर

मुंबई: फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर का लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अपने नौवें सीजन के साथ खत्म होने जा रहा है। करण ने खुद जियो हॉटस्टार पर इस सीजन को शो का आखिरी पड़ाव बताया था। हालांकि, चैट शो की दुनिया से उनकी विदाई नहीं होने वाली है। खबर है कि करण एक नए चैट शो की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें बॉलीवुड सितारों की जिंदगी, फिल्मी किस्सों और मनोरंजन से जुड़ी दिलचस्प बातों को जगह मिलेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, करण अपने नए शो को बिल्कुल अलग अंदाज में पेश करना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि ‘कॉफी विद करण’ नाम के अधिकार जियो हॉटस्टार के पास हैं इसलिए करण अपने नए कार्यक्रम को नए नाम और पहचान के साथ शुरू करने की योजना बना रहे हैं। चर्चा है कि वह पहले इस शो को यूट्यूब पर रिलीज करेंगे और बाद में किसी बड़े ओटीटी मंच को इसके अधिकार बेच सकते हैं। ऐसे में शो के जरिए करण डिजिटल मंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

इस बीच करण का ध्यान फिलहाल ‘कॉफी विद करण 9’ पर है। रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान ने गुरुवार को अपने एपिसोड की शूटिंग पूरी कर ली है। शो की शुरुआत सलमान खान के एपिसोड से होने की चर्चा है। वहीं, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल भी शुरुआती एपिसोड में नजर आ सकते हैं। इसके अलावा, शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान पहली बार एक साथ शो में दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, इन मेहमानों और एपिसोड की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More