हिंदपीढी में जांच शिविर लगाने पर विचार, वहां के निवासी सहयोग करें : हेमंत सोरेन

प्रधानमंत्री ने राज्यों को चिकित्सीय संसाधन के लिए सहयोग करने का भरोसा दिया
पीएम के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए सीएम हेमंत सोरेन
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के हिंदपीढी इलाके में कोरोना जांच शिविर लगाने की बात कहते हुए वहां के
लोगों से इस महामारी की पहचान में सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कहा कि कोरोना को रोकना है तो हमें रुकना होगा. राज्यवासियों को जल्दबाजी नहीं करनी है. खुद की सुरक्षा, अपने परिवार की सुरक्षा और समाज की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेवारी है. इस बात को समझने और खुद में उतारने की आवश्यकता है. हिंदपीढ़ी में एक महिला कोरोना संक्रमित मिली है. ऐसी स्थिति में वहां के लोगों का जांच बेहद जरूरी है. बड़े पैमाने पर जांच होगी.
सरकार हिंदपीढ़ी में जांच शिविर लगाने पर विचार कर रही है ताकि घर-घर जाने की आवश्यकता स्वास्थ्यकर्मियों को न पड़े. मेरा सभी से अनुरोध होगा कि इस कार्य में हिंदपीढ़ी वासी प्रशासन को सहयोग करें. यह उनकी ही सुरक्षा के लिए किया जा रहा कार्य है. ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कही. सोरेन प्रधानमंत्री के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे.
अधिक से अधिक जांच हो, एहतियात बरतने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक जांच हो. यह तय किया जा रहा रहा है. जांच के लिए व्यवस्था की जा रही है. इस समय एहतियात बरतना अहम है, इसको प्राथमिकता देनी है. वरीय अधिकारियों को इस संबंध में आदेश दिया गया है. बाहर से आनेवाले लोग स्वतः जांच कराएं, इसमें डरने की आवश्यकता नहीं है.
केंद्र सरकार ने सहयोग देने की बात कही
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी राज्य के मुख्यमंत्री जुड़े थे. कुछ ही राज्य को प्रधानमंत्री से बात करने व अपने राज्य की स्थिति से अवगत कराने का अवसर मिला. जब झारखण्ड को अवसर मिलेगा तो हम भी अपनी बात रखेंगे. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को चिकित्सीय संसाधन उपलब्ध कराने की बात सामने आयी. आर्थिक पहलु पर भी बात हुई. प्रधानमंत्री ने चिकित्सीय संसाधन के लिए मदद करने की बात कही है. साथ ही राज्यों को सलाह दी गयी कि वे अपने स्तर से भी दुनिया में कहीं से संसाधनों को मंगा सकते हैं.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील श्रीवास्तव व अन्य उपस्थित थे.


