कोरोना वायरस से भारत में 50 लाख लोग मरे, अरविंद सुब्रमण्यन की मौजूदगी वाली अमेरिकी अध्ययन रिपोर्ट का दावा

वाशिंगटन : एक अमेरिकी रिपोर्ट में दावा किया गया है कोरोना वायरस से भारत में अबतक 50 लाख लोगों की मौत हुई है और यह आजाद भारत की सबसे बड़ी त्रासदी है। सरकारी आंकड़े के अनुसार चार लाख से कुछ अधिक मौतें भारत में कोरोना वायरस से हुई है, लेकिन अमेरिकी अध्ययन रिपोर्ट के दावे में इस आंकड़े से इसे दस गुना अधिक बताया गया है।
अमेरिकी अध्ययन रिपोर्ट ग्रुप सेंटर ऑफ ग्लोबल डिवलपमेंट में कहा गया है कि भारत में इस महामारी से अबतक 34 से 47 लाख लोगों की मौत हुई है, जो केंद्र सरकार के आंकड़ों से 10 गुना अधिक है। शोधकर्ताओं का कहना है कि भारत में यह आंकड़ा कई मिलियन हो सकता है।
इस अध्ययन रिपोर्ट में कोरोना के दौर में हुई मौतें और उससे पहले के सालों में हुई मौत के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इसके आधार पर ही सेंटर ने 2020-21 की मौत का आंकड़ा निकाला और सरकार के आंकड़ों पर सवाल उठाया।
सेंटर फॉर ग्लोबल डिवलपमेंट स्टडी की ओर से मंगलवार को जारी रिपोर्ट में सरकारी आंकड़ों, अंतरराष्ट्रीय अनुमानों, सेरोलॉजिकल रिपोर्टाें और घरों में हुए सर्वे को आधार बनाया गया है। इस रिपोर्ट की खास बात यह है कि इसके लेखकों में मोदी सरकार – 1 के मुख्य आर्थिक सलाहकार रहे अरविंद सुब्रमण्यन भी शामिल हैं।
रिपोर्ट में पहली लहर के दौरान सरकार को त्रासदी को समझने में नाकाम बताया गया है। इसमें कहा गया है कि पहली लहर उससे कहीं अधिक घातक थी, जितनी समझी जाती है। रिपोर्ट में अनुमान व्यक्त किया गया है कि अकेले पहली लहर के दौरान कोरोना से 20 लाख के करीब लोग मरे हैं।
रिपोर्ट में कोरोना टीके को प्रभावी बताया गया है और कहा गया है कि 99 प्रतिशत मौतें उनकी हुई है, जिन्होंने कोरोना टीका नहीं लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर सात राज्यों में नगर निकायों में मृत्यु पंजीकरण से ही आंकड़े निकालें तो कोविड19 से 34 लाख से अधिक मौतें हुई हैं।
एक अन्य गणना में उम्र आधारित इन्फेक्शन फैटिलिटी रेट का इस्तेमाल किया गया है और इसके अनुसार 40 लाख के करीब मौतें हुई हैं। रिपोर्ट में तीसरी गणना का आधार कंज्यूमर पिारमिड हाउस होल्ड सर्वे है। इस सर्वे में सभी राज्यों के आठ लाख लोगों को शामिल किया गया है। इससे जो आंकड़े निकल कर आए हैं उसके अनुसार 49 लाख से अधिक मौतें कोरोना से हुई हैं।


