Sahebganj News: नगर परिषद प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ एनएसएस स्थापना दिवस समारोह

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 58वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर परिषद के प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह थे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं प्राध्यापकों द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। एनएसएस स्वयंसेवकों ने एनएसएस क्लैप के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि एमएसएस का मूल मंत्र “मैं नहीं, बल्कि आप” (नोट मी बट यू) है। यह स्वयं से पहले समाज के हित को रखने और निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।उल्लेखनीय है कि एनएसएस की शुरुआत 24 सितंबर 1969 को महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष पर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी।
कार्यक्रम में मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया सिंह और डॉ. अनु सुमन बाड़ा ने एनएसएस की भूमिका और व्यक्तित्व निर्माण में इसके योगदान पर विचार रखे।
समारोह के दौरान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो छात्रों को सम्मानित किया गया। आदिवासी कल्याण छात्रावास के पीजी सेमेस्टर-4 गणित के छात्र विजय किस्कू और राजनीति विज्ञान यूजी सेमेस्टर-1 के छात्र बेटवा किस्कू को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं एमएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनु सुमन बाड़ा ने किया। आयोजन में रणधीर कुमार और सोनू कुमार का विशेष योगदान रहा। मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी और एनएसएस की विभिन्न इकाइयों के स्वयंसेवक मौजूद थे।


