Dhanbad News: मानवाधिकार आयोग के डीआईजी गौरव गर्ग ने अधिकारियों और परिजनों से की पूछताछ

धनबाद: बाघमारा थाना क्षेत्र के बेनीडीह रेल साइडिंग में वर्ष 2022 में हुई फायरिंग का मामला एक बार फिर चर्चा में है। घटना की जांच के सिलसिले में दिल्ली मानवाधिकार आयोग की टीम धनबाद पहुंची है। टीम के साथ दिल्ली मानवाधिकार आयोग के डीआईजी गौरव गर्ग भी मौजूद हैं। टीम बीसीसीएल एरिया वन के हरिणा गेस्ट हाउस में घटना से जुड़े अधिकारियों और मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर रही है।
19 और 20 नवंबर 2022 की दरम्यानी रात बेनीडीह रेल साइडिंग में सीआईएसएफ और कथित ग्रामीण कोयला चोरों के बीच कथित मुठभेड़ के दौरान फायरिंग हुई थी। इस दौरान चार ग्रामीणों—प्रीतम चौहान, शहजादा खान उर्फ जलाउद्दीन, अताउल्ला अंसारी और शमीम अंसारी—की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं बादल रवानी और रमेश रविदास के घायल होने की भी बात सामने आई थी।
घटना के बाद फायरिंग की परिस्थितियों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए थे। सीआईएसएफ की ओर से कहा गया था कि जवानों पर हमले की स्थिति में आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। वहीं मृतकों के परिजनों ने फायरिंग की परिस्थितियों और कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मृतक प्रीतम चौहान की पत्नी सोनिया देवी ने भी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले की जांच का अनुरोध किया था। उनकी शिकायत में घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई थी।
इसी मामले में अब दिल्ली मानवाधिकार आयोग की टीम धनबाद पहुंची है। टीम ने घटना से जुड़े तत्कालीन पुलिस अधिकारियों और मृतकों के परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
धनबाद पहुंचे दिल्ली मानवाधिकार आयोग के डीआईजी गौरव गर्ग के नेतृत्व में टीम के साथ ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बाघमारा एसडीपीओ अजित कुमार विमल और बाघमारा थाना प्रभारी अजित कुमार भी मौजूद रहे।
टीम ने मामले के तत्कालीन केस आईओ और कतरास के तत्कालीन थाना प्रभारी रणधीर सिंह, बाघमारा के तत्कालीन थाना प्रभारी सूबेदार यादव, एसआई शरत कुमार समेत घटना से जुड़े अन्य लोगों और मृतकों के परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
बीसीसीएल एरिया वन के हरिणा गेस्ट हाउस में टीम सभी संबंधित लोगों से घटना की जानकारी ले रही है। पूछताछ के दौरान 2022 की फायरिंग की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई और घटना से जुड़े तथ्यों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।


