संविधान दिवस पर शैलेश कुमार सिन्हा ने शहर की जर्जर सड़कों को लेकर उठाए सवाल

रांची: संविधान दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश प्रवक्ता सह जिला अध्यक्ष, रांची शैलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि आज ही के दिन, 26 नवंबर 1949 को संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद को भारत का संविधान सौंपने की औपचारिकता पूरी की थी। इसलिए इस दिवस को हम लोग “संविधान दिवस” के रूप में मनाते हैं।
संविधान दिवस मनाने का मूल कारण आम नागरिकों को भारत के संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना है, जिससे लोकतंत्र मजबूत और शक्तिशाली बने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था का लाभ आम जनता को मिले।
लेकिन दुर्भाग्य से अभी भी आम नागरिकों को संवैधानिक अधिकारों और दायित्वों की जानकारी नहीं है, जिसके कारण नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहते हैं। रांची राजधानी के हर मोहल्ले में सड़कों की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि आम नागरिकों की आवाज सुनने वाले संवैधानिक पदों पर बैठे लोग अच्छी सड़क पाने के संवैधानिक अधिकार के मुद्दे पर चुपचाप बैठे हैं। साफ तौर पर यह संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहा है और संविधान की दुहाई दी जा रही है। क्या इसीलिए संविधान की रचना की गई थी? यह सवाल आज के दिन संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों को सोचना चाहिए।



