लुगू बुरू महोत्सव में बोले सीएम हेमंत सोरेन- शिक्षा से ही आदिवासी समाज का होगा उत्थान

लुगू बुरू महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन।

अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में हुए शामिल, लुगू बुरू को देश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा

बोकारो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों से शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए संगठित होने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा से ही समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा। आदिवासी समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होने के साथ अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है। यहां से विभिन्न खनिजों का खनन होता है और राज्य की खनिज संपदा से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा है।

उन्होंने कहा कि समाज के समग्र उत्थान के लिए सभी को एकजुट और संगठित होना होगा। झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को शिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित युवा अपने समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

देश के महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा लुगू बुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, ताकि देशभर से आदिवासी समाज के लोग यहां आकर इसकी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को जान सकें।

लुगू बुरू में बन रहा संग्रहालय

मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी में संग्रहालय निर्माण का निर्णय लिया गया है। इससे आदिवासी समाज को अपनी विशिष्ट पहचान मिलेगी और नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक एवं पौराणिक विरासत को जान और समझ सकेगी। उन्होंने कहा कि इस स्थल का प्रत्येक वर्ष विकास किया जा रहा है। महोत्सव के आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जाती हैं और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। समाज के उत्थान और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए आगे भी विभिन्न कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया और आगामी जनगणना को लेकर भी लोगों से सजग रहने की अपील की।

तीन दिनों तक बांटी जा रही खिचड़ी का प्रसाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव के अवसर पर उनके दिवंगत पूज्य पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं दिवंगत माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जा रहा है।

बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन एवं उमाकांत रजक उपस्थित रहे।

इसके अलावा ऊर्जा विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ. आर. तांगा पंडीयान, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से आए प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More