पर्यटन विकास को नई दिशा देने पर सिक्किम और बंगाल के पर्यटन मंत्रियों से कौशल मित्तल ने की चर्चा

लोहरदगा: न्यू मित्तल ट्रैवल्स के निदेशक कौशल मित्तल ने सिक्किम एवं पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्रियों से औपचारिक मुलाकात कर पूर्वी भारत में पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं, हवाई एवं सड़क संपर्क, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने सहित कई विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
कौशल मित्तल ने स्थानीय खानपान, पारंपरिक व्यंजन, लोककला, लोकसंस्कृति, जनजातीय विरासत और स्थानीय परंपराओं को पर्यटन से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा, खानपान, रहन-सहन और स्थानीय लोगों की जीवनशैली को जानने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि सिक्किम, पश्चिम बंगाल और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं विशिष्ट खानपान को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सरकार और पर्यटन उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पूर्वी भारत के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने पर भी चर्चा हुई।
कौशल मित्तल ने कहा कि न्यू मित्तल ट्रैवल्स का उद्देश्य पर्यटन स्थलों के प्रचार के साथ-साथ क्षेत्र की संस्कृति, स्वाद, परंपरा और विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट पहचान, संस्कृति और खानपान है, जो भारतीय पर्यटन की बड़ी ताकत है।


