बोकारो में दुर्गंध आने पर घर का दरवाजा तोड़ा, अंदर मिला एएसआई का शव

बोकारो: बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-2सी स्थित आवास संख्या 45 में बोकारो पुलिस लाइन में तैनात एएसआई इमानुएल बास्की का शव मिला। वह मूल रूप से गोड्डा के निवासी थे और इस आवास में अकेले रहते थे।

उनके आवास से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने तत्काल सिटी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां एएसआई का शव पड़ा हुआ मिला।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचीं सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी ने बताया कि आवास का दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर एएसआई का शव बरामद किया गया।

फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More