24 नवंबर को मनाई जाएगी कार्तिक पूर्णिमा, कृतिका नक्षत्र और सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग

कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव पांच दिनों तक चलता है। यह कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रबोधिनी एकादशी से शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा के दिन समाप्त होता है। इस दिन महादेव जी ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का संहार किया था, इसलिए इसे “त्रिपुरी पूर्णिमा” के नाम से भी जाना जाता है। विष्णु पुराण के अनुसार, इस दिन संध्या समय भगवान विष्णु का मत्स्यावतार हुआ था।
पूर्णिमा काल:
कार्तिक मास की पूर्णिमा को परम पवित्र तिथि माना गया है। व्रत एवं स्नान-दान की यह पूर्णिमा इस बार 24 नवंबर को मनाई जाएगी।
23 नवंबर को पूर्णिमा तिथि रात्रि 10:49 बजे प्रारंभ होगी और 24 नवंबर को रात्रि 09:08 बजे तक रहेगी।
इस पूर्णिमा को गुरु नानक देव की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा और शिव पूजन:
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा की संज्ञा दी गई है, क्योंकि आज के दिन ही भगवान भोलेनाथ ने त्रिपुरासुर नामक महाभयानक असुर का अंत किया था और वे त्रिपुरारी के रूप में पूजित हुए थे। मान्यता है कि इस दिन कृतिका में शिव शंकर के दर्शन करने से सात जन्म तक व्यक्ति ज्ञानी और धनवान होता है। इस दिन चंद्रमा जब आकाश में उदित हो रहा हो, उस समय शिवा, संभूति, संतति, प्रीति, अनुसूया और क्षमा इन छह कृतिकाओं का पूजन करने से शिव जी की कृपा प्राप्त होती है।
कार्तिक पूर्णिमा और लक्ष्मी-नारायण पूजा:
इस शुभ दिन पूर्णिमा को भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है। कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत रखने से सूर्य लोक की प्राप्ति होती है। लक्ष्मी-नारायण का पूजन करने से घर-परिवार में सुख और शांति के साथ समृद्धि आती है। जिन्हें लक्ष्मी की कामना हो, वे आज लक्ष्मी पूजन और श्रीसूक्त तथा पुरुषसूक्त का 16 पाठ अवश्य करें।
चंद्रमा दर्शन और अर्घ्य:
जिनकी जन्मकुंडली में चंद्रमा अस्त हो, पापी ग्रहों के साथ हो, ग्रहण दोष, पितृ दोष या श्रापित दोष हो, उन्हें आज चांद का पूजन और अर्घ्य देने से बहुत राहत मिलती है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन चंद्र दर्शन करने के साथ ही अर्घ्य देकर उनकी आराधना का भी विधान है। पूर्णिमा के दिन चंद्रोदय के बाद चंद्र दर्शन कर चंद्रमा की शीतलता लेने से मन को शीतलता प्रदान होती है और शरीर रोगमुक्त होता है। खासकर जिन्हें मानसिक तनाव हो, वे आज अर्घ्य दें और 32 मिनट चंद्रमा के प्रकाश में रहें।
पूर्णिमा और तुलसी पूजन का महत्व:
पूर्णिमा के अवसर पर तुलसी पूजन का विशेष महत्व है। इस दिन तुलसी के समीप दीप जलाकर, उनकी जड़ की मिट्टी का तिलक लगाना चाहिए। ऐसा करने से हर कार्य में सफलता प्राप्त होती है। तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए इस दिन तुलसी पूजन से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का आगमन होता है। जिनका विवाह नहीं हो रहा हो, उन्हें आज तुलसी पूजन से जल्द विवाह होने की मान्यता है।
देव दीपावली और दीपदान:
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। इसलिए इस दिन दीपदान करना शुभ माना गया है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन किसी नदी या सरोवर के किनारे दीपदान करने से जीवन में खुशहाली आती है और जीवन प्रकाशित होता है।
कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान का विशेष महत्व:
पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन सभी देवी-देवता पृथ्वी पर आकर गंगा स्नान करते हैं। इसलिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान को पुण्यप्रद बताया गया है। यदि गंगा स्नान संभव नहीं हो, तो किसी पात्र में गंगाजल लेकर उससे स्नान करने पर भी गंगा स्नान का फल मिलता है।
कार्तिक पूर्णिमा और अन्नदान:
अन्नदान का महत्व सभी धर्मों और ग्रंथों में बताया गया है। खासकर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के साथ-साथ अन्नदान करना विशेष रूप से फलदायी माना गया है। इस दिन अपनी क्षमता और स्थिति को देखते हुए अन्न और वस्त्र का दान करना शुभ होता है। पूर्णिमा के दिन चावल का दान करने का अधिक महत्व है। इस अवसर पर दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। घर में सुख और लक्ष्मी का वास होता है।
कार्तिक पूर्णिमा में गंगा स्नान और दीपदान इस वर्ष है खास:
आज के दिन अर्थात कार्तिक पूर्णिमा को ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य ने “महापुनीत पर्व” बताया है। इस दिन को दान-पुण्य और दीपदान के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। वहीं, पूर्णिमा के दिन तीर्थ स्नान, विशेषकर पुष्कर तीर्थ में स्नान, दान एवं जपादि करना विशेष पुण्यदायक होता है। गंगा स्नान के बाद दीपदान का फल दस यज्ञों के समान होता है। इसलिए गंगा स्नान, दीपदान, होम, यज्ञ तथा उपासना आदि का विशेष महत्व है।
इस दिन संध्याकाल में त्रिपुरोत्सव करके दीपदान करने से पुनर्जन्म आदि का कष्ट नहीं होता। इस दिन चंद्रोदय पर शिवा, संभूति, प्रीति, अनुसूया और क्षमा इन छह कृतिकाओं का अवश्य पूजन करना चाहिए। कार्तिक पूर्णिमा से प्रारंभ करके प्रत्येक पूर्णिमा को रात्रि में व्रत और जागरण करने से सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं। पूर्णिमा के दिन गाय, घी, अनाज आदि दान करने से संपत्ति में बढ़ोतरी होती है।
कार्तिक पूर्णिमा वर्षभर की पवित्र पूर्णिमाओं में से एक है। इस दिन सूर्य स्तोत्र, गुरु स्तोत्र, सूर्य एवं गुरु-गायत्री मंत्र का पाठ तथा ग्रहों से संबंधित वस्तुओं का यथासंभव दान और जप करना पुण्यप्रद है।


