योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रांची की डॉ. अर्चना कुमारी को मिला ‘एलुमनी अवार्ड 2026’

देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड दीप के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित भव्य समारोह में देश-विदेश की विशिष्ट प्रतिभाओं के बीच हुईं सम्मानित

रांची: योग के क्षेत्र में लगभग दो दशकों से निरंतर उल्लेखनीय योगदान देने वाली रांची की डॉ. अर्चना कुमारी को प्रतिष्ठित ‘एलुमनी अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। योग शिक्षा, शोध, योगासन खेल तथा सामाजिक स्तर पर योग के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान से झारखंड का गौरव बढ़ा है।

डॉ. अर्चना कुमारी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से योग विज्ञान में स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वह झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष निदेशालय के राज्य योग केंद्र में कार्यरत हैं। योग के प्रति समर्पण और निरंतर सक्रियता के चलते उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की योग प्रतियोगिताओं में अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए हैं।

योग के अकादमिक एवं व्यावहारिक पक्ष को आगे बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। योग विषय पर उनकी तीन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। शोध कार्यों के साथ-साथ वह शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों तक योग को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक विकास और स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी आधार है।

इस गरिमामय समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पांड्या, स्वामी निखिलेश्वरानंद, स्वामी यतींद्रगिरि महाराज, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सहित अनेक संत-महात्मा, विशिष्ट अतिथि एवं देश-विदेश से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि ‘एलुमनी अवार्ड 2026’ के माध्यम से शिक्षा, योग, सामाजिक सेवा, संस्कृति, विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य, पर्यावरण एवं युवा विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों के अनुभव, ज्ञान एवं उपलब्धियों को वर्तमान पीढ़ी के साथ साझा कर शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देना है।

डॉ. अर्चना कुमारी की इस उपलब्धि को झारखंड में योग शिक्षा, शोध एवं योगासन खेल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More