मॉडर्न पब्लिक स्कूल, किड्स पैराडाइज में गुरु नानक जयंती धूमधाम से मनाई गई

मॉडर्न पब्लिक स्कूल के किड्स पैराडाइज विंग में गुरु नानक जयंती मनाते नन्हे-मुन्ने बच्चे।

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल के किड्स पैराडाइज विंग में गुरु नानक देव जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। पूरा विद्यालय परिसर फूलों और गुरु नानक देव जी के संदेशों से सजाया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और अरदास के साथ हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पगड़ी और पारंपरिक पोशाक पहनकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ के संदेश को बहुत ही सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया।

बच्चों ने शबद-कीर्तन गाया और तबले की थाप पर संगत की। साथ ही, सेवा का भी जीवंत प्रदर्शन किया। कुछ बच्चों ने हाथ में झाड़ू लेकर सफाई की और पानी छिड़कते हुए ‘सेवा ही सच्ची भक्ति है’ का संदेश दिया। बच्चों का अनुशासन, भक्ति भाव और आत्मविश्वास देखकर सभी अभिभावक और शिक्षक भाव-विभोर हो गए।

प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमें सच्चाई, मेहनत और दूसरों की सेवा का मार्ग दिखाया है। आज हमारे नन्हे बच्चों ने उन्हीं मूल्यों को अपने व्यवहार से प्रस्तुत किया है। हम चाहते हैं कि बच्चे बचपन से ही मानवता, प्रेम और सेवा की भावना को अपने जीवन में उतारें। यही सच्ची शिक्षा है।

निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा कि किड्स पैराडाइज का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार और अच्छे मूल्य विकसित करना भी है। गुरु नानक जयंती का यह आयोजन बच्चों को हमारी महान परंपरा से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास है। उन्होंने सभी शिक्षकों और बच्चों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More