Giridih News: बिरसा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर जिलेभर में शैक्षणिक गतिविधियों की धूम

गिरिडीह के जीआईएस कॉलेज, बगोदर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थी।

गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में दिनांक 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक विभिन्न भव्य आयोजनों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में आज जी.आई.एस. कॉलेज, बगोदर और प्लस टू जिला स्कूल, गिरिडीह में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के सदस्यों के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया तथा विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपने सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं विषयगत समझ का परिचय दिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, निर्वाचन प्रणाली एवं मतदाता जागरूकता के प्रति रुचि विकसित करना है।

वहीं, इस विशेष आयोजन के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छता जागरूकता तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यालयों में निबंध लेखन प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचारों एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

इन सभी गतिविधियों का व्यापक उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन, टीम भावना, खेल भावना, रचनात्मक सोच एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को विकसित करना है। साथ ही, भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराते हुए झारखंड के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक पहचान एवं समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। जिले में आयोजित की जा रही ये गतिविधियां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं सकारात्मक सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही हैं।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More