Giridih News: झारखंड स्थापना दिवस पर धनवार में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

वॉलीबॉल, फुटबॉल, गेड़ी दौड़, गुलेल और मटका दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित
गिरिडीह: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से धनवार प्रखंड में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस क्रम में पुनीत राय स्टेडियम, लालबाजार एवं हाई स्कूल ग्राउंड में प्रखंड स्तरीय वॉलीबॉल, फुटबॉल, गेड़ी दौड़, गुलेल और मटका दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, खोरीमहुवा अनुमंडल स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में खोरीमहुवा के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर), प्रखंड विकास पदाधिकारी, धनवार, अंचल अधिकारी, धनवार, 20 सूत्री अध्यक्ष, धनवार, थाना प्रभारी, धनवार, नगर अध्यक्ष विनय संथालिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करना, युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।
जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


