Crime News: पलामू में महिला की हत्या से सनसनी, ताला तोड़कर घर में घुसे तो सामने आया मामला

नामधारी गुरुद्वारा के समीप हुई वारदात, किरायेदार के फोन करने पर खुला मामला; शाम 7 बजे हुई थी आखिरी बातचीत

पलामू: शहर के नवाटोली स्थित नामधारी गुरुद्वारा के समीप 43 वर्षीय साधना देवी (पति आनंद सिंह) की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साधना देवी के मकान में नीचे रहने वाले किरायेदार ने पानी की टंकी में पानी समाप्त होने पर मकान मालकिन से संपर्क करने का प्रयास किया। कई बार फोन करने के बावजूद जब साधना देवी ने फोन नहीं उठाया, तो किरायेदार ने उनके परिचित आकाश जी से संपर्क किया।

इसके बाद घर का दरवाजा अंदर से बंद होने की जानकारी मिली। संदेह होने पर दरवाजे का ताला तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर साधना देवी मृत अवस्था में मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी हत्या की गई थी।

शाम 7 बजे हुई थी आखिरी बातचीत

आकाश जी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे साधना देवी से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

एक प्लंबर से नजदीकी संबंध होने की चर्चा

मृतका की बड़ी बहन संध्या कुमारी का घर गढ़वा में है। उन्होंने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार, युनुस अंसारी उर्फ राजा नामक एक प्लंबर से साधना देवी का संपर्क था। वह सदपुर, नोडिहा, पलामू क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि दोनों के बीच नजदीकी संबंध थे और फोन के माध्यम से लगातार बातचीत होती थी। हालांकि, इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण और घटना में किसी की संलिप्तता सामने आ सकेगी।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More