परिवार का सहारा बनने विदेश गया था सुरेश, बुर्किना फ़ासो में मौत से उजड़ा पूरा परिवार

बुर्किना फ़ासो में मजदूर की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ट्रांसमिशन लाइन पर काम करने के दौरान हुआ हादसा, परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

हजारीबाग: परिवार की खुशहाली और बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना लेकर विदेश की धरती पर मेहनत-मजदूरी करने गए झारखंड के एक और प्रवासी मजदूर की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फ़ासो से आई इस दुखद खबर ने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित कुसुम्बा गांव को शोक में डुबो दिया है।

विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुम्बा गांव निवासी कारु सिंह के 45 वर्षीय पुत्र सुरेश सिंह की 5 नवंबर 2026 को बुर्किना फ़ासो में ट्रांसमिशन लाइन पर काम करने के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बच्चों को बेहतर शिक्षा व भविष्य देने की उम्मीद में सुरेश सिंह विदेश गए थे। उन्हें क्या पता था कि परिवार के सपनों को पूरा करने की उनकी कोशिश एक दिन पूरे परिवार को जिंदगी के सबसे बड़े दुख में छोड़ जाएगी।

तीन बच्चों और बुजुर्ग मां के सिर से उठा सहारा

सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी संजू देवी, 20 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार सिंह, 15 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार, 11 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी और बुजुर्ग मां बसंती देवी को छोड़ गए हैं। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मौत से अब पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण, शिक्षा और भविष्य की गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। जिस पिता के सहारे बच्चों के सपने पल रहे थे, आज उनके चले जाने से परिवार का भविष्य अनिश्चित हो गया है।

विदेश में फंसा पार्थिव शरीर, सरकार से मदद की गुहार

पति की मौत के बाद संजू देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की सबसे बड़ी चिंता अब सुरेश सिंह का पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक बुर्किना फ़ासो से पैतृक गांव लाना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए विदेश से पार्थिव शरीर वापस लाने की प्रक्रिया और खर्च उठाना बेहद मुश्किल है। परिजनों ने झारखंड सरकार, विदेश मंत्रालय, प्रवासी नियंत्रण कक्ष और संबंधित कंपनी से तत्काल पहल कर पार्थिव शरीर भारत लाने तथा परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

पीड़ित परिवार से मिले समाजसेवी सिकन्दर अली

घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कंपनी से सुरेश सिंह का पार्थिव शरीर शीघ्र भारत भेजने, हादसे की पूरी जानकारी परिजनों को उपलब्ध कराने तथा मृतक के आश्रितों को नियमानुसार उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से भी मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

आखिर कब तक जान जोखिम में डालकर परदेस जाएंगे झारखंड के मजदूर?

सुरेश सिंह की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि विदेशों में काम करने वाले झारखंड के हजारों प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से हजारों किलोमीटर दूर जाने वाले मजदूरों के परिवारों को अक्सर ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जहां अपनों की मौत के बाद पार्थिव शरीर की वापसी और मुआवजे के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।

सरकार को चाहिए कि विदेशों में कार्यरत झारखंडी मजदूरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए, दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सरकारी हस्तक्षेप सुनिश्चित करे और मृतक के आश्रितों को समय पर मुआवजा, बीमा तथा बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More