Sahibganj News: बोरियो के रितिक कुमार को राज्यपाल ने दिया स्वर्ण पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर

एमसीए में विश्वविद्यालय टॉपर बने रितिक कुमार।
दीक्षांत समारोह में बोरियो के रितिक को राज्यपाल ने दिया स्वर्ण पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर।

साहिबगंज: जिले के बोरियो प्रखंड के होनहार छात्र रितिक कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मौका था गुरुवार को दुमका स्थित सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह का। यहीं कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें डिग्री एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। रितिक की इस शानदार उपलब्धि से बोरियो सहित पूरे साहिबगंज जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। रितिक ने बताया कि वर्तमान में वह ऑनलाइन नौकरी कर रहे हैं और भविष्य में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाना चाहते हैं।

क्षेत्रवासियों ने भी जताया गर्व

रितिक के पिता सुबल दास बोरियो में मिठाई की दुकान चलाते हैं। तीन भाइयों में रितिक दूसरे नंबर पर हैं। बेटे की शानदार उपलब्धि पर पिता सुबल दास ने गर्व जताते हुए कहा, “हम खुद पढ़ाई नहीं कर सके, लेकिन बेटे की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। हमारा सपना है कि हमारे तीनों बेटे अपने-अपने क्षेत्र में कामयाब हों।”

रितिक की इस उपलब्धि पर प्रखंडवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रितिक की सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बोरियो प्रखंड क्षेत्र का मान बढ़ा है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More