Sahibganj News : ‘जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो महिलाएं कहां जाएं’, ऊषा भारती ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

साहिबगंज : सरायकेला-खरसावां जिले में थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुंची महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। इस मामले में भाजपा जिला मंत्री ऊषा भारती ने हेमंत सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं और न्याय का मंदिर थाना ही महिलाओं की आबरू लूटने का केंद्र बन जाए, तो महिलाएं आखिर न्याय की उम्मीद लेकर कहां जाएं?
सरकार के सारे दावे खोखले: ऊषा भारती
भाजपा जिला मंत्री ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि जिस सरकार में महिलाओं की इज्जत और सम्मान सुरक्षित नहीं है, वहां विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे तमाम दावे खोखले साबित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता के सामने एक गूंगी, बहरी और कुंभकरण की नींद में सोई सरकार नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन से जुड़े लोगों पर ही किसी महिला की अस्मिता और सम्मान पर हमला करने का आरोप लगे, तो यह बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला है। ऐसे मामलों में प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
झारखंड में महिला आयोग का गठन क्यों नहीं?
ऊषा भारती ने राज्य सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि झारखंड में अब तक महिला आयोग का गठन क्यों नहीं किया गया है? क्या राज्य सरकार महिला विरोधी है या महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा देकर वोट लिया गया, लेकिन उनकी सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा देने की मांग
भाजपा जिला मंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी सजा दिलाने तथा पीड़िता को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराने की मांग की।
अंत में उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा कोई एहसान नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार है। अब यह सवाल केवल एक महिला तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा, सम्मान और कानून के राज से जुड़ा हुआ है।


