कृषि विज्ञान केंद्र धनबाद में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण, 114 किसानों ने लिया भाग

पीएम किसान की किस्त का सीधा प्रसारण देखते किसान

धनबाद : भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद (बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, कांके, रांची) में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें कुल 114 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई। साथ ही 521 कस्टम हायरिंग केंद्रों तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर (बागवानी समूहों) का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र को समर्पित विभिन्न कृषि विकास पहलों की जानकारी भी किसानों को दी गई।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिल कुमार ने किसानों को खेत बचाओ अभियान के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने फलदार पौधों के रोपण, पौध उत्पादन एवं नर्सरी स्थापना की वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने क्लस्टर फ्रंटलाइन प्रदर्शन (सीएफएलडी) योजना के अंतर्गत किसानों को वितरित किए जा रहे सरसों के बीज की उन्नत खेती एवं बुवाई की वैज्ञानिक विधि के बारे में जानकारी दी।

वहीं, डॉ. नवीन कुमार ने सीएफएलडी योजना के तहत वितरित किए जा रहे अलसी (लिनसीड) के बीज की बुवाई की विधि, फसल प्रबंधन एवं रोगों की रोकथाम के उपायों के बारे में किसानों को विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत किसानों को बीज के साथ टीसी एवं अन्य आवश्यक कृषि रसायन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि फसल का बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रश्मि कंडुलना, देव प्रकाश शुक्ला, श्यामल सरकार, मानिक राजक एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More