छात्रों के साथ मारपीट के विरोध में सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी धक्का-मुक्की

गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस की रोक और जब्ती के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया, जिसके बाद पुलिस ने दो दर्जन से अधिक भाजपाइयों को हिरासत में ले लिया।

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कल शुक्रवार को छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को सियासी घमासान और तेज हो गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की मांग को लेकर झंडा मैदान पहुंच गए। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। स्थिति को देखते हुए झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा मैदान पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पुतला दहन करने से रोक दिया। 

इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथों से हेमंत सोरेन का पुतला छीन लिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे। काफी खींचतान के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के सदस्यों ने झंडा मैदान समेत अलग अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना और स्टेडियम ले जाया गया। मौके पर लगातार पुलिस बल की मौजूदगी बनी रही।

दरअसल, शुक्रवार को छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ उनका विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद छात्रों के साथ मारपीट की गई, जिसमें कई छात्र घायल हुए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से ही गिरिडीह में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। 

भाजपा ने छात्रों के साथ हुई मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया था। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शनिवार को झंडा मैदान से टावर चौक तक लगातार तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More