Hazaribagh News: आरोग्यम अस्पताल में 22 अगस्त को लगेगा निःशुल्क कटे होंठ-तालू सर्जरी शिविर

हजारीबाग के आरोग्यम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 22 अगस्त (शनिवार) को सुबह 10 बजे से जन्मजात कटे होंठ, कटे तालू और जबड़े की समस्या से पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क परामर्श व जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रसिद्ध सर्जन डॉ. अमित कुमार बच्चों की जांच कर परिजनों को आगे के मुफ्त उपचार एवं सर्जरी की जानकारी देंगे।

हजारीबाग: शहर के आरोग्यम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की ओर से जन्मजात चेहरे एवं जबड़े की समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के लिए 22 अगस्त, शनिवार को निःशुल्क मेगा कटे होंठ एवं तालू सर्जरी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर अस्पताल परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें बच्चों की जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन देंगे। 

शिविर में विशेष रूप से कटे होंठ, कटे तालू, चेहरे की बनावट से जुड़ी समस्याओं तथा जबड़े की जन्मजात समस्याओं की जांच की जाएगी।क्रैनियोमैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. अमित कुमार बच्चों की जांच कर अभिभावकों को बीमारी की स्थिति, उपचार की संभावनाओं और सर्जरी से संबंधित आवश्यक जानकारी देंगे।

अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि आरोग्यम अस्पताल का उद्देश्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंद मरीजों को समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। जन्मजात चेहरे एवं जबड़े की समस्याओं से प्रभावित बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में इस प्रकार की समस्या होने पर शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।

अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि आर्थिक या जागरूकता के अभाव में कई अभिभावक बच्चों की जन्मजात समस्याओं का समय पर उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे परिवारों को उचित चिकित्सा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों में जन्मजात चेहरे अथवा जबड़े की समस्या को नजरअंदाज न करें। शिविर में जांच के बाद समस्या की गंभीरता का आकलन कर आगे के उपचार और सर्जरी को लेकर उचित चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More