Pakur News: प्राथमिक विद्यालय तालडीह गनपुरा में बाल स्वास्थ्य जांच शिविर, 43 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग

पाकुड़ : प्राथमिक विद्यालय तालडीह गनपुरा में भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत बाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों में विशिष्ट स्वास्थ्य समस्याओं की शीघ्र पहचान करना, उनका निःशुल्क इलाज एवं प्रबंधन सुनिश्चित करना तथा रिफरल सहायता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में चलाए जाने वाले इस नियमित स्क्रीनिंग अभियान के तहत विद्यालय के कुल 43 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें 20 लड़के और 23 लड़कियां शामिल थीं।
स्वास्थ्य जांच शिविर के सफल संचालन में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सरदार मल जाट, प्रधानाध्यापक लंबोदर सिंह तथा सहिया दीदी कविता देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।


