Giridih News: जमुआ में 15 दिनों से जारी धरना को भाजपा प्रवक्ता बिजय चौरसिया का समर्थन

गिरिडीह: जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर बीते 15 दिनों से जमुआ प्रखंड मुख्यालय में चल रहे धरना स्थल पर गुरुवार को भाजपा प्रवक्ता बिजय चौरसिया और जमुआ की पूर्व प्रमुख सोनी चौरसिया पहुंच धरना को अपना समर्थन दिया। चौरसिया ने कहा कि इस सरकार में लूट की खुली छूट हो गई है। पूरे राज्य में लूट का साम्राज्य चल रहा है।
जमुआ उसमें अव्वल हो गया है। यहां सब पदाधिकारी भ्रष्ट और कामचोर हो गए हैं। कहा कि जिला उपायुक्त शीघ्रता से सारे मामले का निराकरण कर हल निकाले। स्वतंत्रता दिवस से पहले मामले का निराकरण हो जाना चाहिए। सारे मुद्दे जनहित से जुड़े हुए हैं सारी मांगें जायज़ है। यदि ऐसे में मामला नहीं सुलझता है तो आम लोगों का विश्वास प्रशासन से उठ जाएगा। जब बुनियादी मांगों को भी प्रशासन नहीं कर पाती है तो किस बात का प्रशासन।
चौरसिया ने कहा कि यदि शीघ्र इस मामले में कोई समाधान नहीं निकला तो भारतीय जनता पार्टी धरना के पक्ष में पूरी ताकत से सड़क पर उतरने को बाध्य होगी। जिसकी सारी जिम्मेवारी जिला प्रशासन को होगी। बताया कि मैं सारे मामले को राज्य सरकार के मुख्य सचिव को भी भेज रहा हूं। मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर करवाई करे सरकार।
मौके पर जमुआ प्रखंड पूर्व प्रमुख सोनी चौरसिया, धरनार्थी गौतम सागर राणा, सुभाष यादव, सच्चिदानंद सिंह, संजय यादव, मुस्तकीम, मनोज वर्मा, हजरत, संजय दास, रवि इत्यादि समेत सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। मौके पर प्रशिक्षु यस कुमार, जमुआ अंचलाधिकारी नरेश वर्मा, बीडीओ अमल कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर धरना खत्म करने का आग्रह किया जिसे धरनार्थियों ने ठुकरा दिया। धरनार्थियों ने कहा कि माँगों पर करवाई से पहले धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।


