Sahibganj News: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार

साहिबगंज: मालदा रेलखंड के पूर्वी फाटक और कबूतरखोपी के बीच पोल संख्या 229/0 के समीप मंगलवार को एक ट्रेन की चपेट में आने से कबूतरखोपी निवासी मणिकांत उर्फ मानिकचंद्र रविदास, (30 वर्ष), पिता रामवृक्ष रविदास की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय युवक नशे की हालत में था और जानबूझकर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव को रेलवे लाइन से उठाकर सीधे उसके घर पहुंचा दिया।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना न तो रेलवे सुरक्षा बल को दी गई और न ही स्थानीय पुलिस को। परिजनों ने जल्दबाजी में गुपचुप तरीके से उसी समय शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल और जिरवाबाड़ी थाना ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक अपनी पत्नी से आपसी कलह को लेकर काफी परेशान था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी से आहत होकर उसने शराब पी और आवेश में आकर ट्रेन से टकरा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम नहीं हो पाने के कारण मौत के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


