Giridih News: शिकायत का असर: गिरिडीह प्रधान डाकघर में प्रिंटर की तकनीकी खराबी दूर, सेवाएं हुईं बहाल

गिरिडीह: गिरिडीह प्रधान डाकघर के एमपीसीएम (MPCM) काउंटर पर बुकिंग रसीदों के प्रिंटर में आई तकनीकी खराबी को डाक विभाग ने शिकायत मिलने के बाद दूर कर दिया है। विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि प्रिंटर में तकनीकी त्रुटि के कारण बुकिंग रसीदों के मुद्रण में समस्या आ रही थी, जिसे 5 अगस्त 2026 को ठीक कर दिया गया। अब प्रिंटर सुचारु रूप से कार्य कर रहा है और सभी बुकिंग रसीदें स्पष्ट एवं पठनीय रूप में मुद्रित हो रही हैं।
शिकायतकर्ता सुनील खंडेलवाल ने भारतीय डाक विभाग, झारखंड पोस्टल सर्किल और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई से आम नागरिकों को राहत मिली है और डाक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी किसी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या के उत्पन्न होने पर विभाग इसी तरह समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि गिरिडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों नागरिक प्रतिदिन डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में तकनीकी खामियों के कारण लोगों को समय की बर्बादी और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
सुनील खंडेलवाल ने यह भी भरोसा जताया कि डाक विभाग नियमित तकनीकी रखरखाव, प्रभावी निगरानी और त्वरित शिकायत निवारण व्यवस्था को और मजबूत करेगा, ताकि आम नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण डाक सेवाएं लगातार मिलती रहें।


