Crime News : साहिबगंज कोटालपोखर थाना के एएसआई पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एएसआई हेमंत यादव पर एक नशे में धुत्त युवक ने चाकू से हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब पुलिस पुरानी पलासबोना गांव में चाकू लेकर लोगों में दहशत फैला रहे युवक को पकड़ने पहुंची थी।

साहिबगंज: साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में कोटालपोखर थाना के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हेमंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गुमानी क्षेत्र अंतर्गत पुरानी पलासबोना गांव में एक युवक नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है और लोगों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक हेमंत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी युवक ने अचानक उनपर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल हेमन्त यादव को तुरंत इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। देर रात उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी स्थिर है, लेकिन उन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हमले के कारणों और आरोपी की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि चाकू से हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जाँच चल रही है और जाँच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस टीम पर हमला एक गंभीर मामला है और सभी आवश्यक कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। थाना क्षेत्र के स्थानीय निवासियों और जिला पुलिस बल के जवानों ने घायल पुलिस अधिकारी के जल्द ठीक होने की कामना की है। इस  घटना के बाद पुलिस महकमे में आक्रोश है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More