Deoghar News: पहली सोमवारी पर देवघर डीसी का तड़के निरीक्षण, बाबा धाम की व्यवस्थाओं की समीक्षा

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने सोमवार अहले सुबह मेला क्षेत्र, रूटलाइन तथा कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने नंदन पहाड़ से लेकर बाबा मंदिर तक भ्रमण कर प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि वे पूरी संवेदनशीलता, धैर्य और सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करें। उन्होंने कहा कि बाबाधाम आने वाले कांवरियों की सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सूचना-सह-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, स्वास्थ्य शिविर, पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, पर्यटन केंद्र तथा विद्युत केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों में जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सकों और एम्बुलेंस की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं मातृत्व विश्राम गृह में महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी वाहन को अनधिकृत रूप से सड़क पर खड़ा न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात संचालन इस प्रकार हो कि स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने रूटलाइन में बनाए गए सभी होल्डिंग पॉइंट्स और क्यू कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी, बिजली, मिस्ट कूलिंग और चिकित्सा सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा तथा स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।


