Koderma News: जे जे कॉलेज बचाओ आंदोलन तेज, प्रतिनिधिमंडल ने विधायक डॉ. नीरा यादव को सौंपा ज्ञापन

कोडरमा: शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थानों को बचाने तथा जिले के छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य की रक्षा के उद्देश्य से जे जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत गुरुवार को समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव को मांग पत्र सौंपकर जिले के सभी डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से गिरिडीह स्थानांतरित किए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।
संरक्षक सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में विधायक से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष महेश भारती, सचिव देवेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष तौफीक हुसैन, वरीय नेता सुरेन्द्र भाई मोदी उपाध्यक्ष मो. अली शाद, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक, राजद जिला प्रवक्ता विजय यादव, पूर्व सांसद प्रतिनिधि महेंद्र शर्मा, पूर्व मुखिया महादेव दास, अभिभावक संघ के जिला अध्यक्ष संजय साजन, विजय पंडित एवं महेश यादव शामिल थे।
मांग पत्र सौंपने के बाद समिति की कोर कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक संरक्षक सुरेश प्रसाद यादव की देखरेख में तथा अध्यक्ष महेश भारती की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने घोषणा की कि 9 अगस्त को कोडरमा प्रखंड कार्यालय परिसर में सर्वदलीय आम बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम को मशाल जुलूस निकालकर शिक्षा संस्थानों को बचाने के लिए एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
समिति ने कहा कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 10 अगस्त से अनिश्चितकालीन छात्र हड़ताल शुरू की जाएगी। साथ ही जे जे कॉलेज में तालाबंदी करने का भी ऐलान किया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक कॉलेज या किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे कोडरमा जिले के छात्रों, युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं सभी राजनीतिक दलों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा शिक्षा बचाओ अभियान को सफल बनाने की अपील की।


