साहिबगंज: कथित प्रेम प्रसंग को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने जोड़े को बनाया बंधक

साहिबगंज: बोरियो थाना क्षेत्र के बिचपुरा गांव में मंगलवार रात उस वक्त हंगामा मच गया जब गांव के लोग एक शादी-शुदा महिला को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। मामला इतना बढ़ा कि रात भर गांव में तनाव और भीड़ लगी रही।
जानकारी के अनुसार, बिचपुरा गांव की एक महिला, जो 2 बच्चों की मां है, का चपगामा निवासी एक विवाहित युवक से पिछले कई सालों से प्रेम संबंध चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों अक्सर चोरी-छिपे मिला करते थे। युवक ने हाल ही में पथरगामा में धूमधाम से शादी भी की थी। मंगलवार रात युवक फिर अपनी प्रेमिका से मिलने बिचपुरा पहुंचा। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया और तुरंत दोनों को पकड़कर बंधक बना लिया। गांव में देखते ही देखते भीड़ जुट गई। एक तरफ युवक खामोश खड़ा रहा तो दूसरी तरफ महिला रोती-बिलखती रही।
घटना की खबर मिलते ही बोरियो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों की मांग थी कि दोनों की शादी करा दी जाए। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी का वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें वे भीड़ को मारपीट न करने और कानून हाथ में न लेने की चेतावनी दे रहे थे।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। पुलिस ने कहा है कि बिना जांच के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।


