देवघर में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 5.01 ग्राम नशीला पदार्थ, 85,150 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद, तस्कर गिरफ्तार

देवघर: नशे के कारोबार के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 5.01 ग्राम ब्राउन शुगर, 85 हजार 150 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई है।
इस संबंध में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देवघर पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर ओवरब्रिज के नीचे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। सूचना सही पाए जाने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने 26 जुलाई 2026 की रात करीब एक बजे सत्संग नगर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 5.01 ग्राम ब्राउन शुगर, 85,150 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरणा निवासी 28 वर्षीय अफरोज शेख उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह ब्राउन शुगर की तस्करी में किन-किन लोगों के संपर्क में था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी जिले में कब से मादक पदार्थों के कारोबार में सक्रिय था और उसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


