केरेडारी में पुलिस मुठभेड़, राहुल दुबे गैंग का एक अपराधी घायल; एक गिरफ्तार

हजारीबाग: केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरु गांव के पास शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक पिस्टल और एक बाइक भी बरामद की गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार और बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
लेवी वसूली की योजना की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के अपराधी चंद्रगुप्त माइंस से लेवी वसूलने के लिए किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना और पगार ओपी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बुकरु गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो से तीन राउंड फायरिंग की।
घायल अपराधी अस्पताल रेफर, पिस्टल और बाइक बरामद
मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और एक बाइक भी जब्त की है।
राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की आशंका, पूछताछ जारी
एसपी अमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार अपराधियों के राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। दोनों अपराधी इलाके में लेवी वसूली के लिए बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क व अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में एक केरेडारी और दूसरा बड़कागांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है। हालांकि, अभी तक दोनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।


