गिरिडीह में दिनदहाड़े 2.50 लाख की लूट, पिस्टल दिखाकर बदमाश फरार

गिरिडीह: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गुरुवार को मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने मछली कारोबारी जेएमएम नेता सन्नी रैन का बड़ा भाई आफताब रैन बोडो निवासी से हथियार के बल पर करीब 2.50 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़ित आफताब रैन ने बताया कि वह मछली मंडी से अपना कारोबार समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
आफताब के अनुसार, लूटे गए बैग में लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये नकद थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पचंबा की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


