22 जुलाई को जयनगर के 121 बूथों पर होगी चुनाव पाठशाला

कोडरमा: जयनगर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम , 2026 के अंतर्गत 22 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक प्रखंड जयनगर के सभी 121 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जाएगा।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, गौतम कुमार एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी सारांश जैन, ने सभी आम मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित/पता नहीं चलने वाले तथा अन्य संदिग्ध मतदाताओं (ASDDF) का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही प्रपत्र-6, 6A, 7 एवं 8 की समीक्षा, 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन तथा भारत निर्वाचन आयोग के अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
साथ ही, जिन मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास जमा नहीं किया है । वे 22 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे के बीच अपना गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से संबंधित बीएलओ को जमा करें । ताकि उनका विवरण समय पर मतदाता सूची में अद्यतन किया जा सके।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित (Accurate, Updated and Error-free) बनाने में सक्रिय सहयोग करें।।


