Koderma News: सामंतो काली मंदिर में मां विपत्तारिणी पूजा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

कोडरमा: आषाढ़ माह में मनाए जाने वाले मां विपत्तारिणी पूजा के अवसर पर झुमरीतिलैया के रांची-पटना रोड स्थित सामंतो काली मंदिर एवं कोडरमा रेलवे स्टेशन स्थित काली मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। बंग समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपवास रखकर मां विपत्तारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि एवं समस्त विपत्तियों से रक्षा की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालु महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार फूल, फल, पान के पत्ते, दूब घास एवं सुपारी सहित पूजा सामग्री मां को अर्पित की। पूजा के दौरान प्रत्येक सामग्री 13 की संख्या में चढ़ाने की परंपरा का पालन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने मां के आशीर्वाद स्वरूप 13 दूब घास को 13 लाल धागों से बांधकर अपनी बाईं कलाई में धारण किया।
धार्मिक मान्यता है कि यह धागा मां विपत्तारिणी का रक्षाकवच होता है, जो जीवन की कठिनाइयों और संकटों से रक्षा करता है। मंदिर के पुजारी विजय कान्त उपाध्याय,अरिंदम बनर्जी, एवं केदार पांडेय ने श्रद्धालुओं को मां विपत्तारिणी की महिमा बताते हुए कहा कि मां विपत्तारिणी, मां दुर्गा का ही एक दिव्य स्वरूप हैं। आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक पड़ने वाले शनिवार एवं मंगलवार को यह विशेष पूजा की जाती है। उन्होंने पूजा का धार्मिक महत्व बताते हुए मां विपत्तारिणी की कथा भी श्रद्धालुओं को सुनाई।


