Pakur News: ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष और भजन-कीर्तन की धुन पर भक्तिरस में डूबे हजारों श्रद्धालु

पाकुड़ के राजापाड़ा स्थित श्री मदन मोहन मंदिर से भगवान मदन मोहन की ऐतिहासिक रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई, जो रबींद्र चौक होते हुए कालीबाड़ी मैदान स्थित मासी बाड़ी पहुंची जहाँ भगवान सात दिनों तक विराजमान रहेंगे।

पाकुड़: जिले में भगवान मदन मोहन की ऐतिहासिक रथयात्रा गुरुवार को धार्मिक आस्था, परंपरा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। राजापाड़ा स्थित श्री मदन मोहन मंदिर से भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा मुख्य सड़क, रबींद्र चौक होते हुए कालीबाड़ी मैदान स्थित मासी बाड़ी पहुंची।

पूरे मार्ग में श्रद्धालु “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन तथा ढोल-नगाड़ों की मधुर धुन पर भक्तिरस में सराबोर नजर आए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान का रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे आयोजन पर नजर बनाए हुए थे। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान मदन मोहन आगामी सात दिनों तक कालीबाड़ी मैदान स्थित मासी बाड़ी में विराजमान रहेंगे। इसके पश्चात पारंपरिक उल्टा रथ यात्रा के साथ भगवान पुनः अपने मूल मंदिर लौटेंगे।

हर वर्ष आयोजित होने वाली यह ऐतिहासिक रथयात्रा पाकुड़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More