गिरिडीह: जिला प्रशासन ने नीति आयोग के सहयोग से मंगलवार को जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को आधुनिक डिजिटल गवर्नेंस, डेटा आधारित योजना निर्माण और विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए प्रशिक्षित करना था।
तकनीक आधारित सुशासन पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सुशासन और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीक और साक्ष्य आधारित निर्णय प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि NITI TARA नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जो रियल-टाइम डेटा के आधार पर योजनाओं की समीक्षा, प्रगति की निगरानी और त्वरित निर्णय लेने में प्रशासन को सक्षम बनाती है।
ADP और ABP कार्यक्रमों को मिलेगा बल
उपायुक्त ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से आकांक्षी जिला कार्यक्रम (Aspirational District Programme-ADP) और आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (Aspirational Block Programme-ABP) के तहत विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित किए जा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्ध समीक्षा और जनसेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।
डिजिटल टूल्स का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को NITI TARA प्लेटफॉर्म के उपयोग के साथ-साथ डिवाइस एवं पोर्टल का विस्तृत परिचय दिया गया। इसके अलावा रियल-टाइम डैशबोर्ड, भू-स्थानिक (Geospatial) योजना उपकरण, AI-सक्षम मीटिंग मिनट्स तैयार करने की सुविधा तथा ज्ञान संसाधनों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कई अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, आईएएस प्रशिक्षु, जिला योजना पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने कहा कि तकनीक आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देकर विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।