Palamu News: पुलिस संस्मरण दिवस पर अमर शहीद वीर जवानों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पलामू पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते डीआईजी व एसपी।

पलामू: देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पलामू पुलिस ने पुलिस संस्मरण दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।

पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी किशोर कौशल और पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।

इस दौरान परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना गया। शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने उनके सम्मान और कल्याण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। अधिकारियों ने शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा बताया। कई बलिदान जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल एवं राजेश यादव, इंस्पेक्टर सुरेश राम, ज्योतिलाल रजवार सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More