देवघर सदर अस्पताल में वेतन विवाद, भुगतान नहीं हुआ तो होगा धरना

देवघर सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने वेतन और अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है।

देवघर: स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर भुगतान के मामलों में अनावश्यक टालमटोल का आरोप लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की है।

संजीव कुमार ने उपाधीक्षक को दिए आवेदन में कहा है कि आबंटन उपलब्ध रहने के बावजूद कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य देय लाभों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि संबंधित पदाधिकारी और लेखा शाखा भुगतान को लेकर गंभीर नहीं हैं, जबकि सेवा नियमों के अनुसार भुगतान में जानबूझकर देरी करना दंडनीय माना जाता है।

आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि स्वास्थ्य सचिव द्वारा राज्य के सभी फार्मासिस्टों को नियुक्ति के दो वर्ष बाद 4200 ग्रेड पे के आधार पर वेतन भुगतान करने का निर्देश जारी किया गया था। इसके अनुरूप राज्य के अधिकांश जिलों में भुगतान किया जा चुका है, लेकिन देवघर जिले में सिविल सर्जन के आदेश और राशि उपलब्ध रहने के बावजूद भुगतान लंबित है।

संजीव कुमार ने अपनी व्यक्तिगत परिस्थितियों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके पिता का निधन हो गया है, उनकी माता हृदय रोग से पीड़ित हैं और स्वयं भी ब्रेन स्ट्रोक की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक सहायता की तत्काल आवश्यकता है। उनका कहना है कि राशि उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जाना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो वे प्रत्येक कार्य दिवस में अपराह्न तीन बजे के बाद उपाधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

वहीं, झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समर्थन में संघ पूरी मजबूती के साथ खड़ा रहेगा और आवश्यक होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More