रात में पति से हुई बात, सुबह फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता; पिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लतबेधवा गांव में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सजना कुमारी, पिता बसंत नारायण सिंह, निवासी ग्राम लतबेधवा, थाना जयनगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका ने सोमवार की रात अपने मायके में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका विवाह 12 फरवरी 2026 को मरकच्चो निवासी अमर सिंह (26 वर्ष), पिता महेंद्र सिंह, के साथ हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता बसंत नारायण सिंह ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके दामाद अमर सिंह, समधी महेंद्र सिंह तथा समधिन आशा देवी अतिरिक्त दहेज के रूप में 5 लाख रुपये की मांग को लेकर उनकी पुत्री को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बताया कि एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए वे 18 जून को अपनी पुत्री को ससुराल से मायके लेकर आए थे। 22 जून की रात लगभग 9 बजे शादी समारोह से लौटकर परिवार अपने घर लतबेधवा पहुंचा। इसी दौरान उनके दामाद का मोबाइल फोन आया और सजना कुमारी की उससे काफी देर तक बातचीत हुई।
बसंत नारायण सिंह के अनुसार, इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरे में सोने चले गए, जबकि उनकी पुत्री दूसरे कमरे में जाकर सो गई। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उनकी पत्नी ने कमरे का दरवाजा खटखटाकर बेटी को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
संदेह होने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो सजना कुमारी दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


